प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। परेड ग्राउंड में आयोजित सरस मेले में मीडियाकर्मियों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह अखिलेश यादव को देशद्रोही तो नहीं कह सकते, लेकिन उनकी देशभक्ति पर जरूर संदेह है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनाव के कारण पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की आशंका से जूझ रही है। इस स्थिति से पहले देश में रोजाना लगभग 50 से 55 लाख गैस सिलिंडर बुक होते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर करीब 88 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के कुछ नेता हालात को लेकर अफवाहें फैलाकर जनता में डर और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनों ही गैर जिम्मेदाराना बयान देकर देश का माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। उनके बयानों से जनता में भ्रम और भय की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझती है और समय आने पर ऐसे नेताओं को करारा जवाब देगी।
इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वहां तृणमूल कांग्रेस की सरकार अब ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बन चुका है और आगामी चुनाव में भाजपा सत्ता में आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है, लेकिन जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में उसे मुंहतोड़ जवाब देगी।
अखिलेश यादव देशद्रोही तो नहीं, लेकिन देशभक्ति पर संदेह : केशव प्रसाद मौर्य


