34 C
Lucknow
Sunday, March 29, 2026

जर्जर जहानगंज–कमालगंज मार्ग का होगा कायाकल्प, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर सोमवार को करेंगे चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास

Must read

फर्रुखाबाद| लंबे समय से जर्जर और बदहाल स्थिति में पड़ेजहानगंज–कमालगंज मार्ग के दिन अब बदलने जा रहे हैं। वर्षों से क्षेत्रीय जनता इस सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण की मांग कर रही थी, जिसे अब शासन स्तर पर मंजूरी मिलने के बाद धरातल पर उतारा जा रहा है। सोमवार को भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर इस महत्वपूर्ण मार्ग के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास करेंगे।
करीब 9.24 किलोमीटर लंबे इस प्रमुख मार्ग के निर्माण पर लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 5.5 मीटर की जाएगी, जिससे बड़े वाहनों का आवागमन भी आसानी से हो सकेगा। यह मार्ग जहानगंज और कमालगंज के बीच आवागमन का मुख्य जरिया है, जो आसपास के दर्जनों गांवों को जोड़ता है। वर्तमान में सड़क की हालत इतनी खराब है कि जगह जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और धूल-लिए मिट्टी के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यूथ इंडिया ने इस बात को प्रमुखता से उठाया भी था।
बरसात के मौसम में इस मार्ग की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे वाहन फंस जाते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और व्यापारियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता रहा है। कई बार स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा इस मार्ग के निर्माण की मांग उठाई गई, जिसके बाद अब जाकर इस परियोजना को स्वीकृति मिली है।
विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग के बनने से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और समयबद्ध तरीके से कार्य को पूरा कराया जाएगा। संबंधित लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
इस परियोजना के शिलान्यास को लेकर क्षेत्रीय जनता में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कार्य तय समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा होता है, तो यह सड़क क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। वर्षों से खराब सड़क के कारण झेलनी पड़ रही परेशानियों से अब उन्हें जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article