कायाकल्प टीम ने लोहिया अस्पताल का किया निरीक्षण — व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए निर्देश

0
65

साफ-सफाई, लैब व संक्रमण नियंत्रण पर दिया विशेष जोर

फर्रुखाबाद। कानपुर से आई कायाकल्प टीम ने मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय का आवश्यक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में कई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुधार के दिशा-निर्देश जारी किए।
जानकारी के अनुसार कानपुर से आए डॉक्टर आरिफ वी और डॉक्टर महताब आलम ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर सबसे पहले मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान क्वालिटी मैनेजर डॉ. रजा भी मौजूद रहे।
टीम ने सबसे पहले अस्पताल की पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था का बारीकी से मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों से बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में पूछताछ की।
इसके अलावा टीम ने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था, मरीज वार्ड, प्रतीक्षालय, ओपीडी, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है। टीम ने निर्देश दिए कि जिन जगहों पर सफाई या तकनीकी खामियां हैं, उन्हें शीघ्र सुधारने की कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान कायाकल्प टीम ने आम मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की तथा अस्पताल की सेवा गुणवत्ता पर उनका फीडबैक लिया। मरीजों ने अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष जताया, वहीं कुछ ने ओपीडी में भीड़ और प्रतीक्षा समय को लेकर सुझाव दिए।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा ने कहा कि कायाकल्प टीम द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर तत्काल कार्यवाही शुरू कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी मरीजों को बेहतर इलाज और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here