– दूसरे प्रयास में मिली सफलता, आईआईटी बॉम्बे से इंजीनियरिंग के बाद शुरू की थी तैयारी
यूथ इंडिया संवाददाता
गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के प्रतिभाशाली युवा कार्तिकेय सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी ) परीक्षा 2025 में 269वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और परिजन व शुभचिंतक उन्हें बधाई दे रहे हैं।
कार्तिकेय सिंह ने यह सफलता दूसरे प्रयास में प्राप्त की है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली यूपीएससी परीक्षा में स्थान हासिल किया।
कार्तिकेय सिंह सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह के बड़े बेटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गोंडा में ही हुई। उन्होंने वर्ष 2015 में गोंडा से हाईस्कूल की परीक्षा पास की और इसके बाद फातिमा इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की।
पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहे कार्तिकेय ने इसके बाद देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान IIT बॉम्बे से बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और पूरी लगन के साथ यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी।
कार्तिकेय सिंह का पारिवारिक वातावरण भी शिक्षा और सेवा से जुड़ा रहा है। उनकी माता डाक विभाग में डाक अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके छोटे भाई मार्कण्डेय सिंह लखनऊ हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। कार्तिकेय की इस उपलब्धि से गोंडा जिले में गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता से जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए आगे बढ़ेंगे।


