लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक न्याय के प्रखर योद्धा और बहुजन आंदोलन के प्रमुख नेता कांशी राम की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांशीराम जी ने अपना संपूर्ण जीवन दलित, शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों व उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज में समानता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीएम ने अपने संदेश में कहा कि कांशीराम का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में मार्गदर्शक बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कांशीराम द्वारा शुरू किया गया सामाजिक जागरूकता का आंदोलन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में अहम साबित हुआ और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे कांशीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।


