कमालगंज, फर्रुखाबाद| विकासखंड कमालगंज में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह धरना दिया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत यहां पहुंचे समस्त सचिवों ने पूर्वाह्न 10 बजे से 11 बजे तक विकासखंड परिसर में एकत्र होकर काली पट्टी बांधकर वर्तमान व्यवस्था के विरोध में नारे लगाए और अपना रोष दर्ज कराया।सचिवों ने बताया कि शासन द्वारा बिना किसी अतिरिक्त संसाधन के फेशियल रिकॉग्निशन आधारित उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने से पूरे संवर्ग में भय और असंतोष है। साथ ही उन पर फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सत्यापन, ऑपरेशन कायाकल्प, बोर्ड परीक्षा ड्यूटी, गौशाला प्रबंधन, पराली प्रबंधन, सोलर पैनल लक्ष्य जैसे गैर विभागीय कार्यों का अत्यधिक दबाव बन रहा है, जिससे वे अपने मूल दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
धरने में शामिल ग्राम पंचायत सचिवों ने कहा कि इन समस्याओं पर शासन द्वारा कोई सकारात्मक पहल न किए जाने के कारण प्रदेश स्तरीय निर्णय के अनुरूप 01 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक क्रमिक शांतिपूर्ण सत्याग्रह जारी रहेगा। इसी क्रम में कमालगंज विकासखंड में भी सचिवों ने प्रतीकात्मक धरना देकर विरोध जताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने कहा कि यह संघर्ष संविधानिक अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की रक्षा के लिए है और इसे पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान सचिव लक्ष्मी लता गौतम, अंजली श्रीवास्तव, अंजलि प्रजापति, अभय राज, अरविंद यादव, प्रदीप यादव, अमित शुक्ला सहित कई ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे





