शाहजहांपुर के रितिक गंगवार को कौशांबी में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पकड़ा गया है। वह गाजियाबाद में एक केबल कंपनी में काम करता था और संवेदनशील ठिकानों के वीडियो-फोटो विदेशी नंबरों पर भेजता था। उसके पिता घटना से अंजान थे और रंजिश के चलते फंसाए जाने की आशंका जता रहे हैं। रितिक ढाई साल से गाजियाबाद में रह रहा था।
शाहजहांपुर मीरानपुर कटरा के सुल्तानपुर गांव निवासी रितिक गंगवार के कौशांबी में देश विरोधी गतिविधियों में पकड़े जाने से उसके स्वजन रविवार को भी अंजान थे। रितिक छह मार्च को घर से गाजियाबाद स्थित कंपनी में काम करने गया था। उसके बाद पिता लालता प्रसाद से सिर्फ एक बार ही फोन पर बात की थी लालता प्रसाद ने बताया कि रितिक करीब ढाई वर्ष से गाजियाबाद की एक केबल बनाने वाली कंपनी में काम कर रहा था। बड़ा बेटा पुष्पेंद्र गंगवार भी गाजियाबाद में ही लंबे समय से रह रहा है, हालांकि दोनों बेटे अलग-अलग रहते हैं। होली से दो दिन पहले ही रितिक व पुष्पेंद्र घर आए थे।
पांच मार्च को पुष्पेंद्र वापस लाैट गया था जबकि छह मार्च को रितिक चला गया था। सात मार्च को उसने पिता को काल कर बताया था कि वह कमरे पर पहुंच गया है। कुछ देर आराम करने के बाद ड्यूटी चला जाएगा। इसके बाद उसने संपर्क नहीं किया था। रितिक की मां विद्यावती का वर्ष 2008 में निधन हो गया हाईस्कूल के बाद उसका पढ़ाई में मन नहीं लगा तो काम करने घर से निकल गया था। दो दिन पहले कौशांबी में देश विरोधी गतिविधियों में शामिल गिरोह पकड़ा गया था। उस गिरोह में रितिक भी शामिल था जो रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेजते थे। इसके बदले उसे रुपये मिलते थे रविवार शाम को जब लालता प्रसाद से रितिक के बारे में बात की गई तो वह पूरे घटनाक्रम से अंजान थे। उन्होंने बताया यदि ऐसा है तो बेटे को जरूर किसी ने फंसाया होगा। उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति से लंबे समय से चल रही रंजिश के बारे में भी बताया। कहा वर्ष 2015 में बेटे मुनेंद्र की हत्या कर दी थी। अब हो सकता है छोटे बेटे को उन्हीं लोगों ने फंसा दिया हो रितिक गाजियाबाद की एक केबल बनाने वाली कंपनी में काम करता है इतना ही उसके बारे में पता है। सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि इस संबंध में कौशांबी पुलिस ने कोई संपर्क नहीं किया है और ही घटना के बारे में कोई जानकारी है।


