पीलीभीत। मंगलवार सुबह जिला न्यायालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक अधिवक्ता पर अचानक बांके से हमला कर दिया गया। घटना में अधिवक्ता के साथ उन्हें बचाने पहुंचे दरोगा भी घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पुलिस ने हमलावरों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता ओमपाल निवासी गांव खरदाई, थाना दियोरिया, हत्या के एक मुकदमे में नामजद हैं और मंगलवार को उसी मामले की तारीख पर अदालत पहुंचे थे। इसी दौरान मुकदमे के दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ गए और अचानक बांके से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता ओमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे कोर्ट परिसर में तैनात दरोगा अरविंद त्यागी भी बांके के प्रहार से घायल हो गए।
घटना के बाद कचहरी परिसर में भगदड़ मच गई। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी कचहरी के पीछे खुले रास्ते से अंदर दाखिल हुए थे और बांका छिपाकर लाए थे। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।





