औरैया: शहर के मोहल्ला गोविंद नगर में गुरुवार को एक सपेरे का मजाक एक बुजुर्ग के लिए भारी पड़ गया। गली में सांप का खेल दिखाने आए सपेरे ने मजाक-मजाक में सांप को एक बुजुर्ग के गले में डाल दिया, तभी सांप ने उनकी उंगली में काट लिया। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और परिजन घबराकर बुजुर्ग को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
मोहल्ला गोविंद नगर निवासी रामजी दुबे गुरुवार को अपने घर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक सपेरा गली में सांप का खेल दिखाने पहुंचा और लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोग तमाशा देखने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेल दिखाते समय सपेरे ने मजाक में सांप को उठाकर रामजी दुबे के गले में लपेट दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बुजुर्ग घबरा गए और उसी दौरान सांप ने उनकी उंगली में काट लिया।
बुजुर्ग के पौत्र गोपाल ने बताया कि जैसे ही सांप ने काटा, रामजी दुबे दर्द से चिल्ला उठे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख सपेरे ने तुरंत बुजुर्ग के गले से सांप हटाया और भीड़ का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद परिजनों में दहशत फैल गई और सांप के जहर के डर से सभी के हाथ-पांव फूल गए।
परिजनों ने बिना देर किए रामजी दुबे को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने बताया कि बुजुर्ग को एंटी-वेनम इंजेक्शन सहित आवश्यक दवाएं दी गई हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है ताकि किसी प्रकार की जटिलता होने पर तुरंत इलाज किया जा सके।
घटना के बाद मोहल्ले में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सपेरे का इस तरह मजाक करना बेहद लापरवाही भरा कदम था, जिससे किसी की जान भी जा सकती थी। वहीं परिजनों ने भी सपेरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।


