गोरखपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जहां एक ओर प्रदेश भर में भगवान शिव की आराधना का उत्साह दिखाई दिया, वहीं योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में अनुष्ठान और पूजन के बीच जनता दर्शन कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। धार्मिक कार्यक्रमों की व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री ने लगभग 150 से अधिक फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, “चिंता मत करें, हर समस्या का समाधान होगा। प्रदेश सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक मामले का निस्तारण संवेदनशीलता तथा पारदर्शिता के साथ किया जाए।
जनता दर्शन में जमीन संबंधी विवाद, पारिवारिक कलह, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरण, राजस्व मामलों की शिकायतें और गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता की मांग जैसे विभिन्न मुद्दे सामने आए। मुख्यमंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। चिकित्सा सहायता की मांग करने वाले जरूरतमंदों के लिए आर्थिक मदद की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने को कहा गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की और गोसेवा भी की। उन्होंने गौशाला में पहुंचकर गायों को चारा खिलाया तथा उनकी देखरेख की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले, उन्हें आशीर्वाद दिया और पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
महाशिवरात्रि के इस विशेष अवसर पर आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here