कानपुर। शहर के प्रमुख शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जेड स्क्वायर मॉल पर जलकल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीवर लाइन बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। विभाग के अनुसार मॉल प्रबंधन पर करीब 4 करोड़ रुपये का बकाया लंबे समय से लंबित था, जिसे जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे।
बताया जा रहा है कि बकाया राशि न जमा करने पर जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सख्त कदम उठाते हुए सीवर कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व जोन-1 के अधिशाषी अभियंता द्वारा किया गया, जिनके निर्देशन में विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यवाही को अंजाम दिया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी राजस्व की वसूली के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर बकाया जमा नहीं किया गया तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
इस कार्रवाई से मॉल प्रबंधन में हड़कंप मच गया, वहीं शहर के अन्य बकायेदारों के लिए भी यह एक सख्त संदेश माना जा रहा है कि बकाया भुगतान न करने पर प्रशासन अब सीधे कार्रवाई करेगा।
जेड स्क्वायर मॉल पर जलकल विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 करोड़ बकाया पर सीवर लाइन बंद


