नवाबगंज। विकासखंड की ग्राम पंचायत ज्योनी में मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो गया है। गांव का यह प्रमुख मार्ग, जो सलेमपुर ढूंढमई को जोड़ता है, बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है और लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदगी जमा होती जा रही है। जल निकासी की उचित व्यवस्था और पुलिया के अभाव में सड़क पर हमेशा कीचड़ और गंदा पानी भरा रहता है, जिससे मार्ग पूरी तरह से असुविधाजनक हो गया है।
इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों लोग गुजरते हैं, लेकिन कीचड़ और फिसलन के चलते कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। सड़क पर जमा गंदे पानी और कचरे से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
ग्रामीणों को आशंका है कि इस स्थिति के चलते संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं। गांव निवासी महेंद्र, प्रमोद, छेदलाल और संतोष सहित अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराई जाए, जल निकासी के लिए पुलिया का निर्माण कराया जाए और सड़क को कीचड़ मुक्त बनाकर आवागमन सुचारु किया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से समाधान की मांग


