– श्रद्धालुओं को भारी परेशानी, निर्माण कार्य पर उठे सवाल
अयोध्या।अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के सामने जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। स्टेशन के बाहर सड़क पर पानी भर जाने से श्रद्धालुओं और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अयोध्या धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्टेशन से बाहर निकलते ही जलभराव के कारण लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। कई श्रद्धालुओं को सामान लेकर कीचड़ और पानी में चलना पड़ रहा है, जिससे फिसलने और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद से यह समस्या और बढ़ गई है।
निर्माण कार्य बना कारण
बताया जा रहा है कि रेलवे विभाग द्वारा चल रहे निर्माण कार्य के कारण जल निकासी की व्यवस्था बाधित हो गई है। नालियों की सफाई और समुचित ढलान न होने के चलते पानी स्टेशन परिसर के सामने जमा हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिसका खामियाजा श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों ने रेलवे प्रशासन और नगर निकाय से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी में इस तरह की अव्यवस्था से शहर की छवि प्रभावित होती है।
फिलहाल, संबंधित विभाग की ओर से स्थिति की समीक्षा की जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।





