अंबेडकर पार्क में लगातार जलभराव से बढ़ी परेशानी, 70 मीटर नाली का निर्माण न होने पर भड़के स्थानीय निवासी

0
29

फर्रुखाबाद। सिवारा खास स्थित अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के आसपास लंबे समय से बने जलभराव और दलदल ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगभग 70 मीटर नाली का निर्माण वर्षों से अधर में लटका है, जिसके चलते बारिश ही नहीं, सामान्य दिनों में भी पानी जमा होकर गंभीर समस्या का रूप ले लेता है। पार्क के पास से गुजरना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दुर्गंध और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई अधिकारियों ने समस्या का संज्ञान लेकर इसे दूर करने की कोशिश नहीं की। नतीजतन जलभराव दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है और पार्क की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। आसपास की आबादी को रोजाना कीचड़, गंदगी और बदबू का सामना करना पड़ता है।

सेवारा खास निवासी रामनिवास कश्यप, शिवकुमार गौतम, सर्वेश कश्यप, अनार सिंह मौर्या, धर्मेंद्र सुभाष, रामेश्वर दयाल, कैलाश, हृदयराम, रामबाबू, ग्रीसचंद, श्यामवीर और चंद्रपाल सहित कई लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी काफी बढ़ गए हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही नाली का निर्माण न कराया गया तो क्षेत्र में बीमारियाँ फैलने की आशंका और भी बढ़ सकती है।

स्थानीय जनता ने प्रशासन से तुरंत नाली निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग करते हुए कहा कि अंबेडकर पार्क की अव्यवस्था स्थानीय स्वच्छता और स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा मुद्दा है, जिसे अनदेखा करना भारी पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here