हाथरस| जंक्शन कोतवाली क्षेत्र स्थित नूरपुर गांव में शुक्रवार रात उस समय हालात बेकाबू हो गए, जब दो पक्षों के बीच हुए झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंची 112-पीआरवी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और पथराव करते हुए जमकर मारपीट की। हमले में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी पर आरोप लगाया कि उसने एक किशोर को थप्पड़ मारा और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ पुलिसकर्मियों को हाथ जोड़कर भीड़ से छोड़ने की गुहार लगानी पड़ी।
ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर नशे में होने और अभद्रता करने के भी गंभीर आरोप लगाए। आरोप है कि पुलिस वाहन में शराब की बोतल भी मिली, जिससे तनाव और बढ़ गया। हालात बिगड़ते देख हाथरस जंक्शन थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद घिरे पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
घटना के बाद पुलिस ने सात नामजद समेत 14 लोगों के खिलाफ पथराव, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया है। कई आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक पुलिसकर्मी को निलंबित करते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here