अशोक कटियार के पत्राचार पर पीएमओ गंभीर, एक्शन शुरू
फर्रुखाबाद। बेवर से पांचाल घाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग NH-730C पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर अशोक कटियार की उठाई गई आवाज़ अब रंग लाने लगी है। लंबे समय से अंधेरे के कारण हो रही गंभीर दुर्घटनाओं के बाद अब इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया तेज़ कर दी गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधीन परियोजना क्रियान्वयन इकाई , शाहजहांपुर ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कटियार द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय, भारत सरकार को भेजे गए पत्रों में NH-730C पर प्रतिदिन हो रही दुर्घटनाओं, मौतों और स्ट्रीट लाइट न होने की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इस पत्र पर 27 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय की डाक शाखा में प्राप्ति दर्ज की गई, जिसके बाद मामला संबंधित मंत्रालयों तक पहुँचा।
इसके क्रम में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, परियोजना क्रियान्वयन इकाई शाहजहांपुर ने 03 फरवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्य अभियंता कार्यालय, लखनऊ को पत्र भेजकर शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की।
वहीं, NH-730C परियोजना पर कार्य कर रही एल.एन. मालवीय Infra प्रोजेक्ट्स द्वारा भेजे गए पत्र में यह जानकारी दी गई है कि बेवर से लेकर अल्लाहगंज और पांचाल घाट तक के हिस्से में कुल 11 में से 6 स्थानों पर बिजली कनेक्शन जमा करा दिए गए हैं। शेष 5 स्थानों पर विद्युत विभाग से समन्वय कर शीघ्र ही कनेक्शन जमा कराए जाएंगे, जिसके बाद स्ट्रीट लाइट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
पत्र में यह भी उल्लेख है कि जैसे ही विद्युत कनेक्शन पूर्ण होंगे, उसी क्रम में राजमार्ग पर स्ट्रीट लाइटें जलाकर मार्ग को रोशन किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। निर्माण से जुड़े शेष कार्य भी नियमानुसार पूरे किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अंधेरे के कारण अब तक कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं। यदि समय रहते स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था हो जाती है, तो न सिर्फ दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि आम यात्रियों और ग्रामीणों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
इस पूरे प्रकरण में सबसे अहम बात यह है कि अशोक कटियार की शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय से लेकर मंत्रालय और परियोजना इकाई तक सक्रियता दिखाई गई है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि बेवर से पांचाल घाट तक राष्ट्रीय राजमार्ग शीघ्र ही रोशनी से जगमगाएगा और सड़क सुरक्षा की दिशा में यह एक अहम कदम साबित होगा।


