फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के कस्बा तिराहे पर सोमवार को बाइक और ई-रिक्शा की मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार दो बाइक सवार अमृतपुर की ओर जा रहे थे। जब वे कस्बा तिराहे के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर मामूली थी, लेकिन इसके बाद बाइक सवारों और ई-रिक्शा चालक के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर विवाद में बदल गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए, जिससे सड़क पर भीड़ लग गई और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
बाद में स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर के बाद विवाद, कस्बा तिराहे पर लगा जाम


