फर्रुखाबाद। नगर के सहालग भर मुख्यालय की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर जाम की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन चुकी है। विशेषकर शाम के समय लाल दरवाजा चौराहा से लेकर भोलेपुर और आगे फतेहगढ़ तक लंबे समय तक जाम लगा रहता है, जिससे आमजन को घंटों तक आवागमन में मशक्कत करनी पड़ती है। इस मार्ग पर स्थित कई बड़े गेस्ट हाउसों में पार्किंग की उचित व्यवस्था न होना इस अव्यवस्था की मुख्य वजह बनकर उभर रहा है।
जानकारी के अनुसार, शादी-ब्याह के सीजन में गेस्ट हाउसों के बाहर बारात के वाहन सड़क किनारे खड़े कर दिए जाते हैं। अधिकांश गेस्ट हाउसों में पर्याप्त पार्किंग न होने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा वाहन कब्जा लिए रहते हैं। ऐसे में शाम के व्यस्त समय में स्थिति और बिगड़ जाती है। बारात में शामिल लोग बैंड-बाजा की धुनों पर सड़क पर ही नृत्य करते रहते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार तो जाम इतनी गंभीर स्थिति ले लेता है कि लोगों को कई-कई घंटे फंसे रहना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सबसे अधिक जाम क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के आसपास लगता है, जहां स्थित एक गेस्ट हाउस की पार्किंग अव्यवस्था ने समस्या को और भी बढ़ा दिया है। इस क्षेत्र में रोजाना होने वाली भीड़ ने मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्ग को परेशानी का केंद्र बना दिया है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि सहालग भर के इस भारी जाम से निजात दिलाने के लिए शाम के समय विशेष पुलिस व्यवस्था की जाए। साथ ही गेस्ट हाउस संचालकों को सख्ती से पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता को इस निरंतर जाम से राहत मिल सके।




