फर्रुखाबाद| सेंट्रल जेल से छोटी जेल रोड को कुछ दूरी एक साइड कर दिए जाने के बाद सेंट्रल जेल चौराहे पर भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है। दिन भर इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक तरफ रोड किए जाने से सारा यातायात सेंट्रल जेल चौराहे पर आकर सिमट गया है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। दोपहिया, चारपहिया, ई-रिक्शा और ऑटो एक साथ निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे चौराहे पर कई-कई मिनट तक वाहन फंसे रहते हैं। कई बार तो एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं।
व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि जाम के कारण समय पर दफ्तर पहुंचना मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को भी देरी हो रही है, वहीं स्थानीय दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क को एक साइड करने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था या ट्रैफिक प्लान तैयार नहीं किया गया, जिसके चलते यह समस्या खड़ी हो गई।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से मांग की है कि सेंट्रल जेल चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए और जाम से राहत के लिए जल्द कोई ठोस समाधान निकाला जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती है।






