यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। शहर के व्यस्ततम आईटीआई चौराहे पर नगर पालिका द्वारा कुछ समय पूर्व नई सिग्नल लाइट लगवाई गई थी, लेकिन इसके चालू होने के बाद से चौराहे पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है। यातायात बाधित होने से रोजाना हजारों राहगीर और वाहन चालक भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, आईटीआई चौराहे से लेकर लालगेट की तरफ जाने वाले मार्ग पर सुबह और शाम के समय भीषण जाम लग जाता है। वाहन धीरे-धीरे सरकते हैं और कई बार चौराहे पर पूरी तरह ठहर जाते हैं, जिसके कारण स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और बाजार आने-जाने वालों को समय से पहुंचने में दिक्कत होती है।
व्यापारियों का कहना है कि जाम लगने से न सिर्फ यातायात अवरुद्ध होता है, बल्कि दुकानों के सामने आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिग्नल लाइट की टाइमिंग उचित रूप से सेट नहीं की गई, जिससे ट्रैफिक लगातार रुक जाता है। इसके अलावा चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति में वाहन चालक मनमाने तरीके से सडक़ों पर चलते हैं, जिससे जाम और बढ़ जाता है।
कुछ नागरिकों ने यह भी कहा कि पहले यहां यातायात काफी सुचारू रहता था, लेकिन सिग्नल चालू होने के बाद स्थिति उलट गई।
राहगीरों की मांग सुधार करें या सिग्नल हटाएं प्रतिदिन जाम झेल रहे लोगों ने नगर पालिका और यातायात विभाग से मांग की है कि सिग्नल की टाइमिंग ठीक की जाए, चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए, जरूरत पडऩे पर सिग्नल को स्थगित या हटाने पर विचार किया जाए, लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो जाम की समस्या और बढ़ सकती है।
आईटीआई चौराहा शहर का प्रमुख मार्ग है, जहां से कई दिशाओं में आवागमन होता है। ऐसे में यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि इस चौराहे पर स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन, उचित सिग्नल टाइमिंग और पुलिस की नियमित देखरेख से ही स्थिति में सुधार आ सकता है।





