– कई और नाम जुड़ने के संकेत
बदायूं के सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस अब तक करीब 500 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है, जबकि आसपास के इलाकों में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा चुकी है। जांच एजेंसियों को इन फुटेज से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
मामले में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके परिजनों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीमें आरोपी के रिश्तेदारों और करीबी लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं, ताकि उसके ठिकानों और गतिविधियों के बारे में सटीक जानकारी मिल सके। आसपास के गांवों में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ी हुई है।
जांच के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने किस तरह अपना प्रभाव और अवैध नेटवर्क खड़ा किया। इसके साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि उन्हें किसका संरक्षण प्राप्त था और एचपीसीएल प्लांट में उनकी दखलअंदाजी कितनी गहरी थी। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस केस में जल्द ही कई और आरोपियों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को चिन्हित कर लिया है, जिनकी भूमिका की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे साक्ष्य मिलेंगे, वैसे-वैसे केस में नए नाम जोड़े जाएंगे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। ये टीमें बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखनऊ और दिल्ली समेत कई जिलों में दबिश दे रही हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छानबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
पुलिस को शक है कि आरोपी राज्य से बाहर भी भाग सकते हैं, हालांकि नेपाल भागने की चर्चाओं से अधिकारियों ने फिलहाल इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है।


