मैनपुरी। करहल चौराहे पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के साथ हुई अभद्रता के बाद पूरे जनपद में आक्रोश का माहौल है। वायरल वीडियो में एक युवक द्वारा प्रतिमा पर बियर डालने और कैन रखने की घटना ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है।
इस मामले में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने सबसे पहले मोर्चा संभालते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो संगठन मैनपुरी कोतवाली का घेराव करेगा और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष सुमित सिंह चौहान ने भी पुलिस उपाधीक्षक से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
महासभा के पदाधिकारियों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
वहीं पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।


