फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी (DM) डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा तहसील सदर (Tehsil Sadar) का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की हकीकत परखी गई। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, फार्मर रजिस्ट्री तथा विभिन्न पटलों पर संचालित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वादों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए, ताकि वादकारियों को समय पर न्याय मिल सके।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजस्व अभिलेखों के रख-रखाव, खतौनी अद्यतन, नामांतरण एवं वरासत प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को सरल, सुगम एवं जवाबदेह बनाया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।


