– मेधावी व जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा लाभ
माधौगढ़ (जालौन)। परमार्थ समाजसेवी संस्थान द्वारा क्षेत्र के मेधावी एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। इस पहल से अब ग्रामीण परिवेश के अभावग्रस्त बच्चों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन आईआईटीयन अमरीश गर्ग द्वारा किया गया, जो शिक्षा के क्षेत्र में देश और विदेश में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के समय की आवश्यकता है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बड़े अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनका जन्म दिल्ली में हुआ है और वर्तमान में वे अमेरिका में निवास करते हैं। उन्होंने संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस लाइब्रेरी के माध्यम से परमार्थ कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत अध्ययन कर रहे जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क डिजिटल संसाधनों के जरिए पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार होगा। कार्यक्रम में परमार्थ संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर संजय सिंह, वरुण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


