24 C
Lucknow
Sunday, March 22, 2026

मौसम बदलते ही बढ़ीं संक्रामक बीमारियां, अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़

Must read

मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ, चिकित्सकों ने बताया—बचाव ही सर्वोत्तम इलाज

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। जनपद में मौसम के तेजी से बदलते मिजाज का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसी संक्रामक बीमारियों के मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हो गई है। सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में बचाव ही सबसे बेहतर इलाज है।

जानकारी के अनुसार, बदलते मौसम के चलते लोग वायरल संक्रमण, खांसी-जुकाम, बुखार के साथ-साथ त्वचा संबंधी रोग जैसे दाद, खाज और खुजली का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में ज्यादातर मरीज सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का सहारा ले रहे हैं और सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आम जनता के लिए राहत साबित हो रही है।

रविवार को लगे स्वास्थ्य मेलों में भारी भीड़

रविवार को जनपद के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इन मेलों में मरीजों का पंजीकरण, जांच और मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया।

पीएचसी फैजबाग में 52 मरीजों का उपचार

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजबाग में चिकित्सक डॉ. अमित कुमार की देखरेख में स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ, जहां कुल 52 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और त्वचा रोगों से पीड़ित थे। फार्मासिस्ट वीरेंद्र राजपूत ने सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयां वितरित कीं।
यहां एलटी अलका द्वारा 13 मरीजों की शुगर जांच की गई, जबकि वार्ड बॉय राजेश कुमार ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

पीएचसी पसियापुर में 34 मरीजों की जांच

वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसियापुर में डॉ. रवि रतन के नेतृत्व में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जहां 34 मरीजों का पंजीकरण हुआ। एलटी नेहा महरूफ ने एक दर्जन मरीजों की मलेरिया, टाइफाइड और शुगर जांच की। फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार ने दवाइयों का वितरण किया, जबकि वार्ड बॉय राजा ने सहयोग प्रदान किया।

पीएचसी चिलसरा में करीब 80 मरीज पहुंचे

इसी क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलसरा में डॉ. विजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित स्वास्थ्य मेले में लगभग 80 मरीजों ने पंजीकरण कराया। फार्मासिस्ट नरेंद्र कुमार द्वारा मरीजों को दवाइयां दी गईं। एलटी लोकेंद्र कुमार ने 10 मरीजों की शुगर जांच की, जबकि एएनएम किरण ने महिलाओं को स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

चिकित्सकों की सलाह—सावधानी ही सुरक्षा

चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में खान-पान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ठंड से बचाव करें और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article