इंडिगो संकट से हवाई यात्रा महंगी, कनेक्टिंग उड़ानों के बढ़े किराये से यात्री बेहाल

0
17

लखनऊ| इंडिगो की सीधी उड़ानें निरस्त होने के बाद राजधानी लखनऊ से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। अधिकांश रूटों पर अब कनेक्टिंग फ्लाइट ही सहारा हैं, जिनके किराये आसमान छू रहे हैं। रविवार को लखनऊ से मुंबई के लिए एअर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान का किराया 45,664 रुपये तक पहुंच गया। स्थिति इतनी खराब है कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा किराये पर कैपिंग लगाने के बावजूद कई एयरलाइंस मनमाने दाम वसूल रही हैं।

लखनऊ से दिल्ली, पटना, देहरादून और जयपुर के लिए भले ही अन्य कंपनियों की सीमित सीधी उड़ानें उपलब्ध हों, लेकिन पुणे, मुंबई, बेंगलूरू और चेन्नई जैसे बड़े शहरों के लिए अब कोई सीधी सेवा नहीं है। ट्रैवल एजेंटों के मुताबिक इन सभी महानगरों के लिए सिर्फ कनेक्टिंग फ्लाइट ही विकल्प बची हैं, जिनका किराया लगातार बढ़ता जा रहा है।

किरायों की बात करें तो कोलकाता के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6469 का किराया 13,852 रुपये चल रहा है। पुणे के लिए सीधी उड़ान न होने से एअर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान 36,104 रुपये में मिल रही है। चेन्नई के लिए एअर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट का टिकट 20,979 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि दिल्ली के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान का किराया 17,252 रुपये निर्धारित है।

एयरलाइंस की मनमानी सिर्फ किरायों तक सीमित नहीं है। इन दिनों यात्रियों को लगेज न मिलने की शिकायतें भी बढ़ गई हैं। दिल्ली से लखनऊ पहुंचे मनोज सिंह का इंडिगो फ्लाइट में भेजा गया सामान 24 घंटे बाद भी नहीं मिला। इसी तरह मुंबई से एअर इंडिया की फ्लाइट से आईं आशिमा का बैग मुंबई एयरपोर्ट पर ही छूट गया। एयरलाइन प्रशासन ने खेद जताते हुए सोमवार तक सामान पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

बढ़ते किराये, सीमित विकल्प और लगेज समस्याओं के चलते यात्रियों की यात्रा न सिर्फ महंगी हो गई है, बल्कि बेहद परेशानियों भरी भी साबित हो रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here