नई दिल्ली। मंगलवार सुबह मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 762 में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। विमान में लगभग 200 यात्री सवार थे। सुरक्षा एजेंसियों को यह धमकी अस्पष्ट लगी, लेकिन ऐहतियातन दिल्ली एयरपोर्ट पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, यह एयरबस A321 नियो विमान सुबह 7:53 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा।
इंडिगो के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा, “30 सितंबर 2025 को मुंबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 762 में सुरक्षा संबंधी खतरे की जानकारी मिली। हमने सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया। विमान को परिचालन के लिए मंजूरी देने से पहले पूरी सुरक्षा जांच की गई।फिलहाल, जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं। यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बताया गया है।






