वॉशिंगटन। अमेरिका में पत्नी की हत्या के आरोप में पिछले दस वर्षों से फरार चल रहे भारतीय नागरिक भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल की गिरफ्तारी के लिए संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने इनाम की राशि बढ़ाकर 10 लाख डॉलर (करीब नौ करोड़ रुपये) कर दी है। एजेंसी का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए यह कदम उठाया गया है।
एफबीआई के अनुसार पहले इस मामले में सूचना देने पर 2.5 लाख डॉलर तक का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस सुराग न मिलने के कारण अब इनाम की राशि को चार गुना बढ़ा दिया गया है।
35 वर्षीय भद्रेश कुमार पटेल को एफबीआई की टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स सूची में शामिल किया गया है। जांच एजेंसी का मानना है कि वह अभी भी फरार है और किसी भी समय पकड़ा जा सकता है।
जांच एजेंसियों के अनुसार यह घटना 12 अप्रैल 2015 को अमेरिका के मैरीलैंड राज्य के हैनोवर शहर में हुई थी। उस समय पटेल और उसकी पत्नी पलाक पटेल एक डोनट शॉप में काम करते थे।
आरोप है कि देर रात काम के दौरान पटेल ने दुकान के पिछले कमरे में अपनी 21 वर्षीय पत्नी पर किसी भारी वस्तु से कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी दुकान के पिछले दरवाजे से भाग निकला। इसके बाद वह सड़क पार कर उस अपार्टमेंट में गया जहां वह अपनी पत्नी के साथ रहता था और वहां से कुछ सामान और नकदी लेकर फरार हो गया।
एफबीआई के मुताबिक इसके बाद पटेल टैक्सी लेकर न्यू जर्सी के न्यूर्क इलाके पहुंचा। रिपोर्ट के अनुसार वह न्यूर्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक होटल में तड़के करीब तीन बजे चेक-इन किया था।
बताया गया कि आरोपी होटल में बिना किसी सामान के सिर्फ पहने हुए कपड़ों में ही पहुंचा था। सुबह करीब दस बजे उसने होटल से चेक-आउट किया और शटल बस के जरिए न्यूर्क पेन स्टेशन पहुंच गया। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला।
एफबीआई ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पटेल को हथियारबंद और बेहद खतरनाक माना जाना चाहिए। एजेंसी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी उसके बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या एफबीआई को सूचित करें।
जांचकर्ताओं का मानना है कि हत्या के पीछे पति-पत्नी के बीच भारत लौटने को लेकर विवाद हो सकता है। बताया गया कि उस समय दोनों के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी और पलाक भारत लौटना चाहती थीं, जबकि पटेल इसके खिलाफ था।
एफबीआई को यह भी शक है कि आरोपी अमेरिका में किसी दूर के रिश्तेदार के पास छिपा हो सकता है या फिर कनाडा के रास्ते किसी अन्य देश भाग गया हो। एजेंसी ने कहा है कि उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख डॉलर तक का इनाम दिया जाएगा।


