मुंबई: वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार रात खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए।
तीसरे ओवर में 15 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का उन्होंने पूरा फायदा उठाया और इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनके अलावा ईशान किशन ने 18 गेंदों में 39 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। शिवम दुबे ने भी 43 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा ने 21 रन बनाकर टीम के स्कोर को 250 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने भी कड़ा मुकाबला किया। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जमाया और टीम को जीत की ओर ले जाने की कोशिश की, लेकिन अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा। बेथेल के रन आउट होने के बाद इंग्लैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा और टीम लक्ष्य से 7 रन दूर रह गई।
भारत की इस जीत के साथ ही टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। अब फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। क्रिकेट प्रेमियों को इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।


