25.8 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026

भारत तीसरी बना विश्व विजेता, न्यूजीलैंड को 96 रन से रौंदा

Must read

विश्व क्रिकेट पर भारत का तिरंगा:
अहमदाबाद में फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर 255 रन; संजू सैमसन की 89 रन की विस्फोटक पारी, पहली बार किसी मेजबान टीम ने जीता खिताब

स्पोर्ट्स डेस्क।
भारतीय क्रिकेट ने एक और स्वर्णिम अध्याय लिखते हुए टी-20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा। इस जीत के साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गया, जबकि टूर्नामेंट के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी मेजबान देश ने खिताब अपने नाम किया है।
रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनके इस निर्णय को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। भारतीय टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
भारत की पारी के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 89 रन की धमाकेदार पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने केवल 8 गेंदों में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर भारतीय स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने सबसे अधिक 3 विकेट हासिल किए।
256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट चटकाए। टिम साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष जरूर किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में रनों के अंतर से न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी हार भी साबित हुई।
इस मैच में भारतीय टीम ने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। टीम इंडिया ने केवल 7.2 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे तेज शतक है। इसके अलावा भारतीय टीम ने पावरप्ले में 92 रन बनाकर टी-20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर की बराबरी भी कर ली।
संजू सैमसन ने अपनी 89 रन की पारी के साथ टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल्स के 85 रन के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
मैच शुरू होने से पहले टॉस के दौरान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ट्रॉफी लेकर मैदान पर पहुंचे, जिसे देखकर स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों ने भारतीय टीम का जोरदार उत्साहवर्धन किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article