अमृतपुर फर्रुखाबाद
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करना एक युवक को भारी पड़ गया है। थाना राजेपुर पुलिस ने आरोपी पंकज यादव पुत्र ओमकार सिंह के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, दारापुर निवासी रुद्र प्रताप सिंह (पुत्र विजय) की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें पंकज यादव नामक युवक प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता नजर आया। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मामले को गंभीरता से लिया गया।इस घटना को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। करणी सेना समेत विभिन्न हिंदू संगठन भी इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हो गए हैं और सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर है। स्थानीय नेताओं का कहना है कि संवैधानिक पदों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना प्रभारी राजेपुर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सुसंगत और संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
यदि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है और संगठनों द्वारा उग्र प्रदर्शन की आशंका भी जताई जा रही है।


