शाहजहांपुर। कलान थाना क्षेत्र के मरथरा गांव में बिजली बिल वसूली के दौरान विद्युत विभाग की टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना बुधवार की है, जब विद्युत विभाग की एक टीम—जिसमें टीजी-2 अखिलेश वर्मा, नंदन यादव, लालू तथा मीटर रीडर अनुज कुमार शामिल थे—विद्युत बिल राहत योजना के अंतर्गत राजस्व वसूली के लिए ग्राम मरथरा के मजरा आंधीदेई पहुंची थी।
बताया गया कि टीम जब ग्रामीण बृजभान के परिसर में पहुंची, तो उनके नाम 56,883 रुपये का बिजली बिल बकाया पाया गया। विभागीय योजना के तहत उन्हें 34,735 रुपये की छूट की जानकारी दी गई और मात्र 2,000 रुपये जमा कर पंजीकरण कराने को कहा गया।
आरोप है कि बृजभान ने पंजीकरण राशि जमा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद विभागीय नियमों के अनुसार टीम ने उनका विद्युत कनेक्शन पोल से काट दिया। इसी बात से नाराज होकर दोपहर करीब तीन बजे बृजभान अपने तीन-चार अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और विद्युत कर्मियों के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने लगा।
आरोपियों द्वारा केबल दोबारा न जोड़ने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई, जिससे विद्युत विभाग की टीम को वसूली कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। विद्युत विभाग की ओर से थाना कलान में लिखित तहरीर दी गई है, जिसमें आरोपी बृजभान एवं उसके साथियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।


