
अहमदाबाद में आज टी-20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला
अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला रविवार को डिफेंडिंग चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह बहुप्रतीक्षित फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। पहली बार दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में आमने-सामने होंगी, ऐसे में मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
टीम इंडिया दो बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत चुकी है और चौथी बार फाइनल में पहुंची है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार फाइनल में उतरेगी और उसे अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार है। वर्ष 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है, लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी रहा है। टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की है। ये मैच 2007, 2016 और 2021 में खेले गए थे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में सफलता मिली है। एक मैच टाई रहा है। भारत ने दो मुकाबले सुपर ओवर में अपने नाम किए हैं।
जनवरी में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी। इस सीरीज में भारत ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज की थी। सीरीज के दौरान छह बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना था और आखिरी मुकाबले में भारत ने 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए ईशान किशन शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने आठ मैचों में 263 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक लगाए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए आठ मैचों में 242 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने आठ मैचों में 13 विकेट लेकर टीम को कई अहम सफलताएं दिलाई हैं।
न्यूजीलैंड की ओर से फिन एलन इस टूर्नामेंट में सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने आठ मैचों में 289 रन बनाए हैं और सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार शतक लगाया था। गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने आठ मैचों में 11 विकेट लिए हैं।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जा रही है। काली और लाल मिट्टी को मिलाकर तैयार की गई इस पिच पर गेंद को अच्छी गति और उछाल मिलने की संभावना है। इस मैदान पर अब तक 14 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिनमें आठ बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि पांच बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार फाइनल मुकाबले के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आईसीसी ने एहतियात के तौर पर फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा है। यदि किसी कारण से मैच पूरा नहीं हो पाता है तो 9 मार्च को रिजर्व डे पर मुकाबला खेला जाएगा।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिचेल सैंटनर, कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, जिमी नीशम, लॉकी फर्ग्यूसन।






