21 C
Lucknow
Wednesday, February 18, 2026

चायल के कोटिया गांव में नाली पर दीवार, जल निकासी ठप; महिलाओं ने एसडीएम से लगाई गुहार

Must read

 

चायल तहसील के कोटिया गांव में जल निकासी को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम सभा द्वारा बनाई गई पक्की नाली पर दबंग भाइयों द्वारा दीवार खड़ी किए जाने से मोहल्ले में पानी भरने की समस्या पैदा हो गई है। बुधवार को पीड़ित महिलाओं ने एसडीएम से शिकायत कर नाली को खुलवाने और कार्रवाई की मांग की।

कोटिया गांव की रुखमनी देवी, सीमा देवी, ऊषा देवी और अन्य महिलाओं ने बताया कि उनके घरों के सामने ग्राम सभा की ओर से पक्की नाली का निर्माण कराया गया था, जिससे घरों का गंदा पानी बहता था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले पड़ोसी दबंग भाइयों ने नाली पर पक्की दीवार खड़ी कर जल निकासी पूरी तरह बंद कर दी।

नाली बंद होने से मोहल्ले में गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। महिलाओं का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकी देते हैं। उन्होंने पहले सरायअकिल थाने में शिकायत की थी, लेकिन आरोप है कि वहां से उन्हें टाल दिया गया।

बुधवार को पीड़ित महिलाएं एसडीएम कार्यालय पहुंचीं और लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द नाली नहीं खुलवाई गई तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।

एसडीएम अरुण कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हल्का लेखपाल को मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल निकासी की समस्या का समाधान कराया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article