मेरठ। शहर में खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राहुल कौशिक के रूप में हुई है, जो खुद को 2008 बैच का आईएएस अधिकारी बताता था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने अपने घर के बाहर आईएएस अधिकारी का बोर्ड लगा रखा था और इसी के आधार पर वह आसपास के लोगों पर धौंस जमाता था।
बताया जा रहा है कि आधी रात को आरोपी ने मोहल्ले में हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि वह फर्जी तरीके से खुद को आईएएस अधिकारी बता रहा था।
पुलिस ने मौके से किया गिरफ्तार
सूचना के आधार पर नौचंदी थाना पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह लंबे समय से लोगों को खुद को आईएएस बताकर प्रभावित करता था।
पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक आरोपी 2013 में एक नाबालिग से रेप के आरोप में भी गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फर्जी आईएएस गिरफ्तार, घर पर लगा रखा था ‘आईएएस ’ का बोर्ड


