बीते दिसंबर सलमान खान के जन्मदिन पर रिलीज हुआ उनकी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ का टीजर लगातार चर्चा में बना हुआ है। जहां एक ओर फैंस ने सलमान के आर्मी ऑफिसर लुक को पसंद किया, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने टीजर के एक सीन को लेकर एक्टर को जमकर ट्रोल किया था। अब इस ट्रोलिंग पर खुद सलमान खान ने खुलकर और तीखे अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।
बीते शुक्रवार सलमान खान इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग में शामिल होने सूरत पहुंचे थे। इस दौरान वह बेंगलुरु स्ट्राइकर्स और दिल्ली सुपरहीरो के बीच हुए मुकाबले में शिरकत करने पहुंचे। मैच के दौरान जब उनसे ‘बैटल ऑफ गलवां’ के टीजर और उसमें दिखाए गए सीन को लेकर सवाल किया गया, तो सलमान ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दे डाला।
इवेंट के दौरान सलमान खान से टीजर के उस सीन को रिक्रिएट करने के लिए कहा गया, जिस पर सोशल मीडिया में विवाद हुआ था। इसी मौके पर उन्होंने मजाकिया लेकिन सख्त लहजे में ट्रोलर्स पर निशाना साधा। सलमान ने कहा, “यह सीन कुछ लोगों को रोमांटिक नजर आता है, लेकिन मैं कर्नल हूं भाई। ये कर्नल का लुक है, जो अपने सैनिकों को हौसला देता है।”
इसके बाद सलमान का अंदाज और भी आक्रामक हो गया। दहाड़ते हुए उन्होंने कहा, “वैसा ही लुक मैं इनको (ट्रोलर्स) को भी दे सकता हूं।” सलमान के इस बयान पर वहां मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
दरअसल, सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ का एक मिनट का टीजर दिसंबर 2025 में उनके जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया था। टीजर में सलमान हाथ में लाठी लिए अपने सैनिकों को मोटिवेट करते और सामने खड़े दुश्मनों की ओर सख्त नजरों से देखते दिखाई देते हैं।
इसी सीन को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सलमान के लुक को “रोमांटिक” करार दिया था, जिसके बाद एक्टर को ट्रोल किया जाने लगा। हालांकि, सलमान के फैंस ने इस ट्रोलिंग का जमकर विरोध किया और एक्टर के सपोर्ट में खड़े नजर आए।
फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ में सलमान खान एक भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक गलवां घाटी की झड़प पर आधारित है। फिल्म में देशभक्ति, बलिदान और सैनिकों के साहस की कहानी दिखाई जाएगी।
सलमान खान के अपोजिट इस फिल्म में अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, खासतौर पर सलमान को एक गंभीर और दमदार आर्मी रोल में देखने के लिए।
मेकर्स के मुताबिक ‘बैटल ऑफ गलवां’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है और इसे 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान का यह आर्मी अवतार बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाता है और ट्रोलिंग के शोर के बीच दर्शकों का प्यार किस कदर मिलता है।


