मथुरा। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पंद्रह साल पहले पत्नी और बच्चों को छोड़कर चला गया युवक अचानक साधु के वेश में इलाके में पहुंच गया। लेकिन उसकी पहचान छिप नहीं सकी। खबर मिलते ही पत्नी ने उसका पीछा किया और बीच रास्ते में पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे घेर लिया और जमकर पिटाई कर दी।
मामला जिले के बलदेव थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, युवक का विवाह करीब उन्नीस वर्ष पहले मांट क्षेत्र की महिला से हुआ था। शादी के बाद वह नौकरी के सिलसिले में बाहर रहने लगा और एक कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान उसका किसी अन्य महिला से संबंध बन गया और वह पत्नी व बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने लगा।
परिवार का आरोप है कि युवक पिछले पंद्रह वर्षों से घर नहीं लौटा और न ही उसने परिवार की कोई जिम्मेदारी निभाई। इस बीच पत्नी बच्चों के साथ अकेले जीवन बिताती रही। हाल ही में महिला को सूचना मिली कि उसका पति साधु के भेष में इलाके में आया हुआ है और राया की ओर जा रहा है। यह खबर मिलते ही महिला ने कुछ परिचितों के साथ उसका पीछा शुरू कर दिया।
जब वह मांट रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा तो महिला ने उसे पहचान लिया और रास्ते में रोक लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई। लोगों ने उसकी कार को घेर लिया और गुस्से में आकर वाहन का शीशा तोड़ दिया। देखते ही देखते भीड़ ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि महिला की शिकायत के आधार पर कोई आपराधिक मामला बनता है तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।


