अमरोहा। हसनपुर क्षेत्र के गांव पिपलौती कला में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां राजमिस्त्री मेहराज उर्फ मिराज की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले सात दिनों से लगातार विवाद चल रहा था और पत्नी रूही पति के साथ रहने को तैयार नहीं थी।
परिजनों के मुताबिक विवाद की शुरुआत ईद के दिन हुई थी, जिसके बाद रिश्तों में दरार गहराती चली गई। हालत यह थी कि घर में खाना बनता था, लेकिन मेहराज को नहीं दिया जाता था और वह रिश्तेदारों के यहां जाकर गुजारा कर रहा था। इसी तनाव के बीच घटना वाली रात उसकी हत्या कर दी गई।
घटना के समय गांव में कई शादी समारोह चल रहे थे और डीजे की तेज आवाज गूंज रही थी। आशंका है कि मेहराज ने हमले के दौरान मदद के लिए पुकारा भी होगा, लेकिन उसकी आवाज शोर में दब गई और किसी को भनक तक नहीं लगी।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि पांच वर्षीय बेटा उसी चारपाई पर सो रहा था, जहां पिता की हत्या हुई। सुबह उठने पर उसने खून से सना मंजर देखा, जिससे वह गहरे सदमे में है। वहीं तीन साल का छोटा बेटा भी अब असहाय स्थिति में है, क्योंकि पिता की मौत हो चुकी है और मां पर ही हत्या का आरोप है।
पुलिस को मौके से ऐसे संकेत मिले हैं कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले मेहराज को बेहोश किया गया हो। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके रिश्तेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।


