शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। नगर के जटपुरा मोहल्ले में हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को आखिरकार शमशाबाद थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जटपुरा निवासी अनुज कुमार की पत्नी प्रियंका (उम्र लगभग 27 वर्ष) ने 10 मार्च को अपने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए थे, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां पिता शिवमोहन ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित सात लोगों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार कायमगंज और क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी। वहीं जिला मुख्यालय से आई फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए थे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद दूसरे दिन मृतका के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर फैज बाग-शमशाबाद मार्ग पर थाने के निकट जाम लगा दिया था। करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कायमगंज ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। इसके बाद ही परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
पुलिस के अनुसार फरार चल रहे आरोपी पति को सिकंदरपुर-कायमगंज मार्ग से गिरफ्तार किया गया। थाना पुलिस ने उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पत्नी की मौत के बाद फरार पति गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय में किया पेश


