औरैया
दिबियापुर नगर में बेला रोड स्थित एक होटल में युवक-युवतियों के ठहरने की सूचना पर सोमवार को जमकर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने होटल में अनियमित गतिविधियों का आरोप लगाते हुए विरोध जताया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दिबियापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने होटल में तलाशी अभियान चलाया, जहां से तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया, साथ ही उनके परिजनों को भी सूचना देकर बुलाया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि एक युवती परीक्षा देने के लिए आई थी और उसने अपने परिजनों से बात भी कराई, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक स्पष्ट हुई। वहीं अन्य युवक-युवतियों के संबंध में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि होटल में ठहरने वालों का पूरा सत्यापन और रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में होटल संचालक आकाश के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र के सभी होटल संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे अतिथियों की सही जानकारी दर्ज करें और नियमों का पूरी तरह पालन करें। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस प्रशासन इस तरह के मामलों पर कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।


