हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, जमुनिया गांव निवासी पंकज कश्यप अपने मौसेरे भाई अरविंद के साथ सुबह करीब 10:30 बजे खेत पर गेहूं की कटाई के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बरगदिया-करीमनगर मार्ग पर जमुनिया तिराहे के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को कोथावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पंकज की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने पंकज कश्यप को मृत घोषित कर दिया। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंकज अपने चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे और अभी अविवाहित थे।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।


