24 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित कार चार दुकानों को तोड़ती हुई घर में घुसी, एक की मौत, चार घायल

Must read

इटावा: कस्बा भरथना में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा (Horrific road accident) हो गया। बिधूना से इटावा की ओर जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित (Uncontrolled car) हो गई और मंदिर दान सहाय के पास सड़क किनारे बनी चार दुकानों को तोड़ते हुए सीधे एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि दुकानों के शटर और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा शुक्रवार तड़के करीब चार बजे हुआ, जब सड़क पर आवागमन कम था। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

घायलों की पहचान सूर्यांश निवासी इंद्रा आवास कॉलोनी इटावा, पंकज निवासी रबपुरा थाना वैदपुरा जिला इटावा, अंकित कुमार निवासी रूबपुरा थाना वैदपुरा, हरिओम निवासी रूबपुरा थाना वैदपुरा और निखिल निवासी आईटी चौराहा इटावा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद सूर्यांश और पंकज की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल इटावा रेफर कर दिया गया। हालांकि, इटावा ले जाते समय रास्ते में ही सूर्यांश ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं अन्य चार घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की वजह मानी जा रही है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article