अमृतपुर/फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र के गांव गोटिया के पास शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार विवेक (25) पुत्र रामनाथ निवासी अंगूरी बाग बांस मंडी, फर्रुखाबाद तथा गुड्डू (26) पुत्र राजवीर निवासी गंगा दरवाजा, फर्रुखाबाद मोटरसाइकिल से अमृतपुर की ओर से फर्रुखाबाद की तरफ आ रहे थे। बताया जाता है कि उसी समय फर्रुखाबाद की ओर से अमृतपुर की तरफ जा रहे एक डीसीएम वाहन से गांव गोटिया के पश्चिमी क्षेत्र के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और घायलों को निजी वाहन की मदद से तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थाना राजेपुर के प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है
लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर यह संकेत देते हैं कि सड़क पर जरा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
प्रशासन और यातायात विभाग द्वारा समय-समय पर हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही है। आम जनमानस से भी अपील है कि वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके और किसी परिवार को अपनों को खोने का दुख न झेलना पड़े।


