चंदेल कोल्ड स्टोर के पास अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, परिजनों में मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। जनपद के मोहम्मदाबाद कस्बे में शनिवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के घरों में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा मोहम्मदाबाद के वार्ड आजाद नगर निवासी उस्मान मंसूरी का 20 वर्षीय पुत्र समीर तथा इस्लाम मंसूरी का 22 वर्षीय पुत्र आदिल बाइक से ग्राम पतौंजा से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चंदेल कोल्ड स्टोर के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि समीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आदिल को तत्काल डायल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सन्नी मिश्रा के अनुसार आदिल की मृत्यु ब्रेन हेमरेज के कारण हुई है। इसी दुर्घटना के दौरान उसी स्थान पर राठौरा निवासी लगभग 50 वर्षीय ब्रह्मानंद को भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। बताया गया है कि मृतक समीर और आदिल के पिता राजमिस्त्री का कार्य करते हैं और दोनों परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
मृतक आदिल अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम साजिद और बहन का नाम यास्मीन है। वहीं समीर भी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम समद तथा बहन का नाम मुस्कान है।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। समीर की मां सोनी और आदिल की मां अफसाना का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी गम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


