दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हनीट्रैप (Honeytrap) के सहारे नाबालिग के अपहरण (kidnapping) की साजिश रची गई। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड पीड़ित परिवार का ही भांजा निकला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में मामले का खुलासा कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को प्रार्थी ने अमलेश्वर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका नाबालिग पुत्र मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अमलेश्वर बुलाए जाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इसके बाद आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर धमकी और फिरौती संबंधी संदेश दिए गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। जांच के दौरान लोकेशन धमतरी क्षेत्र में मिलने पर दुर्ग पुलिस ने धमतरी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की और सभी आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड संजय साहू है, जो पीड़ित परिवार का परिचित और रिश्ते में भांजा बताया गया है। आरोपी ने हेम पुष्पा साहू नामक महिला साथी के माध्यम से हनी ट्रैप की योजना तैयार कर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश को अंजाम दिया। आरोपियों ने आर्थिक लाभ एवं फिरौती प्राप्त करने के उद्देश्य से इस अपराध को स्वीकार किया है।
पुलिस ने मामले में संजय साहू, शैलेंद्र लहरे, कृष्णा साहू उर्फ करण, रविंद्र लहरे और हेम पुष्पा साहू को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन (सेंट्रो कार) और छह मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने इस मामले में अपराध पंजीबद्ध कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- शैलेन्द्र लहरे (25 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा, रायपुर
- कृष्णा साहू उर्फ करण (28 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा (मास्टरमाइंड)
- रविंद्र लहरें (20 वर्ष) निवासी चंगोराभाटा, रायपुर
- संजय साहू (25 वर्ष) निवासी अमलेश्वर
- हेम पुष्पा साहू (24 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र


