17 दिसंबर अंतिम तिथि, 18 नवंबर से चल रही ऑनलाइन प्रक्रिया — पहले लिखित परीक्षा, फिर मेडिकल टेस्ट होगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड विभाग की बड़े पैमाने पर चल रही भर्ती ने रिकॉर्ड तोड़ आवेदन आकर्षित किए हैं। 41,424 पदों के लिए अब तक 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। विभाग का अनुमान है कि जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आएगी, आवेदन संख्या में तेजी आएगी और यह आंकड़ा 20 लाख से अधिक हो सकता है।
होमगार्ड भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 नवंबर 2025 से शुरू हुई थी। विभाग ने राज्यभर के युवाओं के उत्साह को देखते हुए तकनीकी ढांचे को मजबूत किया है ताकि अधिक संख्या में आने वाले आवेदनों को सुचारू रूप से स्वीकार किया जा सके।
अभ्यर्थी 17 दिसंबर 2025 की अंतिम तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन को अंतिम समय तक न टालें, ताकि तकनीकी समस्या की स्थिति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
होमगार्ड भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा। विभाग के अनुसार, प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ तकनीकी निगरानी में संचालित किया जाएगा।
होमगार्ड के पदों पर भर्ती लंबे समय से युवाओं की प्रमुख मांग रही है। विभाग में स्थिरता, कार्य-सुरक्षा और सम्मानजनक सामाजिक स्थिति से इस भर्ती में अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ा है। राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से भारी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। कई जिलों में साइबर कैफे और ऑनलाइन सुविधा केंद्रों पर सुबह से शाम तक आवेदनकर्ताओं की भीड़ देखी गई।
उच्च स्तर पर भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने जिले-दर-जिले विशेष मॉनिटरिंग टीमों का गठन किया है। ये टीमें तकनीकी सहायता, आवेदनों की जांच और परीक्षा संबंधी गतिविधियों पर नजर रखेंगी।


