33 C
Lucknow
Wednesday, March 18, 2026

घर में घुसकर हमला: लाठी-डंडों, बेल्ट और धारदार हथियार से मारपीट, आधा दर्जन घायल; 10 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद: थाना क्षेत्र में पूर्व रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा घर में घुसकर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने गाली-गलौज का विरोध करने पर पीड़ित परिवार पर लाठी-डंडों, बेल्टों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर लगभग 10 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रोशनाबाद निवासी विजयपाल पुत्र श्रीराम लड़ेते ने थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 मार्च की रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर बैठा था। उसी दौरान पड़ोसी पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी आरोपी एकजुट होकर उसके घर में घुस आए और लाठी-डंडों, लात-घूंसों, बेल्टों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान शोर सुनकर बचाने आए मनीराम, दुलारी, सूरज, भैया लाल और रजनी देवी को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीट दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो चुके थे।

इस हमले में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल विजयपाल और रामदुलारी को बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना शमशाबाद पुलिस ने वीरपाल, मकरंद, पप्पू, श्रीकृष्ण, मनमोहन सिंह, श्यामू सहित लगभग 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article