इटावा। थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में होमगार्ड जवान की करंट लगने से मौत हो गई। नाइट ड्यूटी कर घर लौटे जवान सुबह दातून करने के लिए बाहर निकले थे, तभी सड़क पर पड़े कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के पितांवरसपुर निवासी नितेश कुमार (उम्र करीब 30 वर्ष) होमगार्ड कंपनी बसरेहर 609 में तैनात थे। वह रात की ड्यूटी पूरी कर सुबह करीब पांच बजे घर पहुंचे थे। कुछ देर आराम करने के बाद वह दातून करने के लिए घर से बाहर निकले। इसी दौरान सड़क पर पड़े कटे हुए बिजली के तार पर उनका पैर पड़ गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में नितेश कुमार को इलाज के लिए मोतीझील स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया।
परिजनों ने बताया कि नितेश कुमार को वर्ष 2020 में पिता खैराती खुवीर के निधन के बाद अनुकंपा आधार पर होमगार्ड की नौकरी मिली थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई संतोष और विनोद हैं। नितेश अपने पीछे पत्नी खुशबू और तीन वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर को छोड़ गए हैं। पत्नी इस समय मायके कासगंज में हैं। घटना की सूचना उनके भाई विनोद ने दी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़क पर पड़े कटे तार की समय रहते मरम्मत की जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।


