25 फरवरी से 4 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर
लखनऊ। होली के पावन पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए कृषि यंत्र प्राप्त करने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मेकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन, फार्म मशीनरी बैंक, फसल अवशेष प्रबंधन के उपकरण और अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ऑनलाइन बुकिंग की अवधि 25 फरवरी 2026 दोपहर 12:00 बजे से 4 मार्च 2026 रात्रि 12:00 बजे तक निर्धारित की गई है। किसान विभागीय पोर्टल www.agridarshan.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
योजनाओं के तहत पात्र किसानों को अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा। लाभार्थियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा और चयनित किसानों को तय समयावधि में यंत्र क्रय कर पोर्टल पर विवरण अपलोड करना होगा।प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने किसानों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी और उन्नत बनाएं।
सरकार का उद्देश्य है कि “सशक्त किसान, समृद्ध उत्तर प्रदेश” के लक्ष्य को साकार करते हुए कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।





