वृंदावन। ब्रज के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में इस बार होली पर्व पर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। अब भक्त घर बैठे ही ठाकुरजी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। मंदिर प्रबंधन द्वारा लाइव स्ट्रीमिंग की नई व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिसके तहत मंदिर के बाहर और आसपास के प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं, ताकि भीड़भाड़ के बीच भी श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें।
मंदिर की हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने इस योजना को अंतिम रूप दिया है। लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित सभागार में विभिन्न कंपनियों द्वारा प्रस्तुतीकरण के बाद नोएडा की एक कार्यदायी संस्था को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। कमेटी सदस्य एवं सेवायत दिनेश गोस्वामी ने बताया कि ठाकुरजी के ऑनलाइन दर्शन के लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की जा रही है, जिससे देश-विदेश में बैठे भक्त भी सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
मंदिर के गेट संख्या एक, गेट संख्या पांच, गेट संख्या तीन की गली, ठाकुरजी के जगमोहन के ऊपर, विद्यापीठ चौराहा तथा जादौन पार्किंग के समीप बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को भी लाइव दर्शन की सुविधा मिलेगी और भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
प्रबंधन के अनुसार रंगभरनी एकादशी से एक दिन पूर्व 26 फरवरी तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। रंगभरनी एकादशी के अवसर पर पहली बार भक्त घर बैठे ठाकुरजी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व मंदिर प्रशासन ने मंदिर परिसर में फोटो और वीडियो लेने पर रोक संबंधी बोर्ड लगाए थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है, जिससे नई डिजिटल व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू किया जा सके।
होली जैसे प्रमुख उत्सव पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यह पहल श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा दोनों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





